बरेली। शुक्रवार को सुबह से रात तक मौसम में बदलाव होते रहे। सुबह से शाम तक जहां बादल छाया रहा, वहीं रात करीब 11 बजे कई इलाकों में तेज हवा चलने के साथ ही बूंदाबादी भी हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।शुक्रवार को सुबह से ही आसमान बादलों से घिर रहा। धूप आंशिक ही निकली। रात होते-होते मौसम ने करवट ली और 11 बजे के बाद कई इलाकों में तेज हवा के साथ बूंदाबांदी हुई। मौसम में बदलाव के कारण शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री कम 31.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वही न्यूनतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया गया। वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दक्षिणी अफगानिस्तान और पाकिस्तान के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभका असर बरेली सहित अन्य जिलों मे दिख रहा है। इसके चलते 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर विंड स्पीड 70 किमी तक पहुंच सकती है। इसके प्रभाव से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट दर्ज होने की संभावना है। 4 अप्रैल को विक्षोप का अधिकतम प्रभाव रहने की चेतावनी जारी है। 6 अप्रैल को मौसम शुष्क रह सकता है। 7 से 9 अप्रैल के बीच फिर से आंधी-बारिश का दौर झेलना पड़ सकता है। देर रात शहर में बूंदाबांदी शुरू होने से मौसम की भविष्यवाणी को बल मिला है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि शनिवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। तेज हवा चलने के साथ ही कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इससे दिन के तापमान में मामूली कमी आ सकती है। उसके बाद फिर धूप की वजह से तापमान बढ़ेगा और गर्मी का असर बढ़ सकता है।।
बरेली से कपिल यादव
