बरेली। होमगार्ड एनरोलमेंट परीक्षा-2025 मे साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कालेज मे एक अभ्यर्थी को दोबारा परीक्षा देते हुए पकड़ा गया। वह शनिवार को दरबारी लाल इंटर कालेज मे दूसरे नाम से परीक्षा दे चुका था लेकिन दोबारा परीक्षा से पहले बायोमेट्रिक मे वह पकड़ा गया। उसके विरुद्ध कोतवाली मे मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। साहू गोपीनाथ कन्या इंटर कॉलेज के पुलिस केंद्र प्रभारी निरीक्षक ने सूचना दी कि रविवार को पहली पाली मे सुबह 10 से 12 बजे केंद्र पर एक संदिग्ध अभ्यर्थी पकड़ा गया है। जांच मे पाया कि 27 वर्षीय अनुराग पुत्र राज बहादुर निवासी हरिहरपुर थाना टड़ियावां, हरदोई ने शनिवार को पहली पाली मे दरबारी लाल शर्मा इंटर कालेज, पीलीभीत रोड रिठौरा पर धर्मेंद्र सिंह पुत्र राजबहादुर निवासी हरिहरपुर थाना टड़ियावां, हरदोई के नाम से भी परीक्षा दी थी। पुलिस पूछताछ मे सामने आया कि उसने दो अलग-अलग नाम से अपने आधार कार्ड बनवा रखे हैं। आधार कार्ड का नंबर, पिता का नाम और पता एक ही है, सिर्फ नाम बदला गया है। उसने एक ही परीक्षा दो अलग-अलग नाम से देने की कोशिश की ताकि यदि किसी भी नाम से पास हो जाए और होमगार्ड मे भर्ती हो जाए। पूछताछ मे आरोपी ने बताया कि दो मौकों की चाहत मे उसने ये फर्जीवाड़ा किया। उसने दो बार हाईस्कूल की परीक्षा देने की बात भी स्वीकार की।।
बरेली से कपिल यादव
