बरेली। मंगलवार को नाला सफाई के दौरान जेसीबी से भूमिगत 11 केवी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण लालफाटक क्षेत्र के कई इलाकों में सात घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। ऐसे में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लालफाटक के जेई वीरू सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे दूरदर्शन केंद्र के सामने नाला सफाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी मशीन से भूमिगत 11 केवी केबिल कट गई। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया। स्टोर से नई केबल मंगवाकर उसे बदलवा कर शाम पांच बजे विद्युत आपूर्ति सुचारू की गई। इस कारण कांधरपुर, प्रकाश कॉलोनी, चनेहटी, उलैहतापुर, रामेश्वर धाम कॉलोनी, सद्भावना कॉलोनी और लक्ष्मी नगर सहित कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप रही।।
बरेली से कपिल यादव
