बरेली। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर सामने आए कथित अनियमितताओं के मामले में कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। बुधवार को महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा के नेतृत्व में पार्टी नेताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि राम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, ऐसे में चढ़ावे से जुड़े किसी भी कथित घोटाले की पारदर्शी जांच होना जरूरी है। ज्ञापन सौंपने के बाद दिनेश दद्दा ने कहा कि चढ़ावे में हेराफेरी के आरोप बेहद गंभीर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक एफआईआर दर्ज न होना सरकार की कार्यशैली और मंशा पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की जल्द निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो कांग्रेस व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी। पूर्व शिक्षक खंड एमएलसी प्रत्याशी डॉ. मेहंदी हसन ने कहा कि धर्म और आस्था के नाम पर राजनीति करने वालों को जनता के सामने जवाब देना होगा। वहीं महानगर उपाध्यक्ष रमेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि राम मंदिर देश की आस्था का प्रतीक है और उससे जुड़े किसी भी कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।।
बरेली से कपिल यादव
