महिला आयोग सदस्य ने महिलाओं से कहा- खुद को कभी कमजोर मत समझिए, शिकायत करें, पहचान रहेगी गोपनीय

बरेली। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडेय ने गुरुवार को आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक सभागार मे आयोजित महिला जनसुनवाई कार्यक्रम में महिलाओं की समस्याएं सुनी और उन्हें न्याय व सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने महिलाओं को संदेश दिया कि वे किसी भी परिस्थिति में खुद को अकेला या असहाय न समझें और अपनी शिकायतें सीधे आयोग तक पहुंचाएं। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य शिविर, गोदभराई, जनसंवाद और चौपाल जैसे कई आयोजन भी किए गए। महिलाओं को संबोधित करते हुए पुष्पा पांडेय ने कहा कि कई महिलाएं सामाजिक दबाव या झिझक के कारण अपनी समस्याएं सामने नहीं रख पातीं, जबकि हर समस्या का समाधान संभव है। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, भेदभाव या किसी भी अन्य समस्या को आयोग तक पहुंचाएं। आयोग उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुनेगा और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। महिला आयोग सदस्य ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि आयोग तक पहुंचने वाली शिकायतों की गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी। उन्होंने महिलाओं को आयोग का सरकारी व्हाट्सएप नंबर भी उपलब्ध कराया और कहा कि किसी भी समय शिकायत या जानकारी साझा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यक्रम के दौरान पुष्पा पांडेय ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी कर उन्हें शुभकामनाएं दी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *