राजस्थान/बाड़मेर- संभागीय आयुक्त जोधपुर कन्हैयालाल स्वामी ने शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कनाना का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान संभागीय आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही सेवाओं तथा साफ-सफाई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के तहत अधिक से अधिक मरीजों की जांच सुनिश्चित की जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मरीज को मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना का पूरा लाभ मिलना चाहिए तथा दवाओं की उपलब्धता निरंतर बनाए रखी जाए। साथ ही मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
संभागीय आयुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई रखी जाए तथा मरीजों और उनके परिजनों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चिकित्सा स्टाफ को आमजन के प्रति संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्वास्थ्य केंद्र की विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी तथा आवश्यक संसाधनों एवं सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की। इस अवसर पर चिकित्सा विभाग के अधिकारी एवं स्वास्थ्य केंद्र का स्टाफ उपस्थित रहा।
— राजस्थान/बाड़मेर
