बालोतरा जिला परिषद की विकास योजनाओं की प्रगति परखी, समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश

राजस्थान/बाड़मेर- जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कलक्टर कार्यालय के सभागार में जिला परिषद के माध्यम से संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन, जल संरक्षण एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने योजनावार प्रगति रिपोर्ट लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचे तथा सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने विधायक निधि से स्वीकृत वे कार्य जो वर्ष 2022-23 या उससे पुराने हैं, उनके संबंध में संबंधित ग्राम विकास अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।मनरेगा योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध करवाने, समय पर भुगतान सुनिश्चित करने एवं जल संरक्षण, चारागाह विकास एवं ग्रामीण आधारभूत संरचना से जुड़े स्थायी कार्यों को प्राथमिकता देने के साथ ही अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिये। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत गांवों में स्वच्छता गतिविधियों, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा सामुदायिक स्वच्छता कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर यादव ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने एवं ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ गांव विकसित करना प्रशासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकता है।

जिला कलक्टर यादव ने विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने, नियमित निरीक्षण करने एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से फील्ड विजिट बढ़ाने तथा समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होने निर्देश दिये कि अधिकारी स्वयं फिल्ड में जाकर विद्यालय भवनों का सत्यापन करें। किसी भी मद से स्वीकृत विद्यालय के कार्य 30 जून तक पूर्ण करावें। निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता की जांच करें।

उन्होने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचना रहे ‌। इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि कुमार, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हीराराम कलबी समेत जिला परिषद के अधिकारी, विकास अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *