बरेली। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से शनिवार को आयोजित प्रवक्ता (पीजीटी) भर्ती परीक्षा के पहले दिन दोनों पाली में पंजीकृत अभ्यर्थियों की संख्या में आधे से अधिक अनुपस्थित रहे। वहीं परीक्षा के प्रश्न पत्र मे आयोग ने विषय के प्रति अभ्यर्थियों की समझ को गहराई से परखा। परीक्षा के लिए दोनों पाली में कुल 10205 पंजीकृत अभ्यर्थियों में 4207 उपस्थित व 5998 अनुपस्थित रहे। शनिवार को 14 केंद्रों पर हुई परीक्षा में पहली पाली में पंजीकृत 4194 अभ्यर्थी में 1854 उपस्थित व 2340 अनुपस्थित रहे। वहीं दोपहर की पाली में पंजीकृत 6011 में 2353 उपस्थित व 3658 अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों के बाह पेपर देकर निकले अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्नपत्र में आए सवालों के जरिये यह परखने का प्रयास किया गया कि जो अभ्यर्थी प्रवक्ता बनकर माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ाने जा रहे हैं, उन्हें अपने विषय की कितनी समझ और जानकारी है। प्रश्नपत्र स्तरीय व मॉडरेट था परीक्षार्थियों ने बताया कि इतिहास विषय की दो घंटे की परीक्षा में कुल 120 प्रश्न पूछे गए। प्रश्न काफी घुमावदार थे और इतिहास की गहरी समझ रखने वाले अभ्यर्थी ही इन सवालों का जवाब दे सकते थे। अभ्यर्थियों ने बताया कि प्रश्न घुमावदार होने के कारण उनके सही विकल्पों को चुनना भी बड़ी चुनौती थी। वही शाम की पाली में हुई अंग्रेजी की परीक्षा में ग्रामर के प्रश्न घुमावदार थे, जिन्होंने कुछ अधिक समय लिया। पहली पाली में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक 14 केंद्रों पर भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास व शिक्षाशास्त्र और दूसरी द्वितीय पाली में अपराह्न 2:30 बजे से 4:30 बजे तक 14 केंद्रों पर अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य व समाजशास्त्र विषय की परीक्षा हुई। रविवार को प्रथम पाली में नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत व मनोविज्ञान और दूसरी पाली मे रसायन विज्ञान, भूगोल, हिंदी व कला विषय की परीक्षा होगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा की पारदर्शिता एवं शुचिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग मुख्यालय में स्थापित एआई एकीकृत नियंत्रण कमांड कक्ष से सभी परीक्षा केंद्रों की सघन निगरानी की गई। एआई कैमरों के माध्यम से हर परीक्षार्थी की गतिविधि पर पैनी नजर रखी गई।।
बरेली से कपिल यादव
