बरेली। नगर निगम कार्यकारिणी समिति के चुनाव में भाजपा ने एक बार फिर दबदबा बनाया है। गुरुवार को हुए चुनाव में छह में पांच भाजपा पार्षदों ने कार्यकारिणी में जगह बनाई। वहीं सपा के एक पार्षद को कार्यकारिणी में स्थान मिल पाया। महापौर डाॅ. उमेश गौतम की अध्यक्षता में कार्यकारिणी समिति का यह नौंवी बार निर्विरोध चयन किया गया। नए चुने गए सदस्यों में भाजपा के महेश राजपूत, अरब यादव, सरिता कश्यप, अजय रत्नाकर, बबली पटेल और सपा के शमीम अहमद को शामिल किया गया है। 12 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति में अब भाजपा के 10 सदस्य हो गए हैं। भाजपा का ही उपसभापति भी बनना तय है। इसके लिए आकाशपुरम से पार्षद पूनम राठौर को उम्मीदवार घोषित कर दिया। महापौर ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को माल्यार्पण कर शहर के विकास में श्रेष्ठ योगदान देने की बात कही। चुनाव के बाद सभी नवनिर्वाचित सदस्यों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया गया। इससे पहले कार्यकारिणी के निवर्तमान सदस्य संतोष कश्यप,व उपसभापति नरेंद्र सिंह, अंजुला गंगवार, हरिशंकर, ओमान रजा खां एवं रितिका किशोर को विदाई दी गई। महापौर डाॅ. उमेश गौतम ने कहा कि बरेली नगर निगम में लगातार निर्विरोध चुनाव होना लोकतांत्रिक परिपक्वता और विकास के प्रति सभी जनप्रतिनिधियों की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी पार्षद राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर शहर के विकास, स्वच्छता और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मिलकर कार्य करेंगे।।
बरेली से कपिल यादव
