फतेहगंज पूर्वी, बरेली। जनपद के थाना फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र मे चेक के साथ कथित कूटरचना और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।द्वारिकेश चीनी मिल निवासी प्रवीन सिंह शेखावत ने पुलिस को दी तहरीर मे बताया कि उन्होंने एक वर्ष पूर्व मुरादाबाद निवासी आशीष राठौर को छह चेक दिए थे, जिनमें प्रत्येक चेक की राशि 35 हजार रुपये थी। आरोप है कि सभी चेकों का भुगतान बैंक के माध्यम से पहले ही कराया जा चुका था। पीड़ित के अनुसार 10 नवंबर 2025 को उनके मोबाइल पर एक चेक भुगतान संबंधी मैसेज आया, जिसके बाद उन्हें जानकारी हुई कि कूटरचना कर 35 हजार रुपये की राशि को बढ़ाकर 8 लाख 35 हजार रुपये कर दिया गया। आरोप है कि चेक में अंक और शब्द दोनों मे फेरबदल किया गया। प्रवीन सिंह शेखावत ने आरोप लगाया कि आशीष राठौर और उसकी बहन आकांक्षा राठौर ने आपस में साठगांठ कर धोखाधड़ी और चेक में हेराफेरी की। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक संजीव कुमार को सौंपी गई है।।
बरेली से कपिल यादव
