एचटी लाइन से मोहल्ले में फैला करंट, दो की मौत, महिला की हालत नाजुक

अलीगंज, बरेली। जनपद के थाना अलीगंज क्षेत्र के सूदनपुर गांव मे शनिवार की सुबह बिजली के करंट की चपेट में आने से छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई, जिसका बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब सात बजे गांव से लगभग सौ मीटर दूर ट्रांसफार्मर मे खराबी आई। इससे हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर एलटी लाइन पर गिर गया। इसके चलते गांव सूदनपुर के एक मोहल्ले मे 11 हजार वोल्टेज का करंट फैल गया। कक्षा दस का छात्र सुभाष (16) अपने घर का लोहे का मुख्य दरवाजा खोलते ही करंट की चपेट मे आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसे बचाने दौड़ी मां सुनीता भी गंभीर रूप से झुलस गई। उनकी हालत चिंताजनक है। किशोर की मौत हो गई जबकि महिला अस्तपाल मे भर्ती है। वही इसी दौरान पड़ोसी 24 वर्षीय दिव्यांग कुंवरपाल सोकर उठा और जैसे ही उसने चारपाई से जमीन पर पैर रखा वह भी करंट की चपेट मे आ गया। अस्पताल मे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वही करंट से एक ई-रिक्शा में भी आग लग गई। सूचना पर पहुंचे सीओ आंवला नितिन कुमार और थाना प्रभारी जगत सिंह ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। बिजली निगम के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश सहित अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया। बिजली निगम के मुख्य अभियंता ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया। घायल महिला सुनीता के पूरे इलाज का खर्च निगम वहन करेगा। मृतकों के परिजनों में से 21 वर्ष की आयु पूरी कर चुके एक सदस्य को संविदा पर नौकरी मिलेगी। निगम ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की बात भी कही है। मृतक सुभाष कक्षा दस का छात्र था और तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। कुंवरपाल पैर से विकलांग थे और कपड़ों की सिलाई कर गुजारा करते थे। उनकी मां और पिता दोनों का निधन हो चुका था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *