आंवला के वनखंडी नाथ मंदिर जीर्णोद्धार की मांग, पशुधन मंत्री को सौंपा ज्ञापन

आंवला, बरेली। जनपद के आंवला में अतरछेड़ी स्थित उपेक्षित वनखंडी नाथ मंदिर के सौंदर्याकरण और जीर्णोद्धार की मांग को लेकर रविवार को पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह को एक ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन वरिष्ठ समाजसेवी जय गोविंद सिंह और मोहन सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों क्षेत्रीय जनता और प्रधानों ने भाजपा शिविर कार्यालय में दिया। ज्ञापन में मांग की गई है कि क्षेत्रीय आस्था के प्रतीक इस मंदिर का जीर्णोद्धार, संत निवास और यात्री निवास का निर्माण पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से जनहित में शीघ्र कराया जाए। यह ज्ञापन माननीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री, उत्तर प्रदेश जयवीर सिंह को संबोधित था और इसकी एक प्रति माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्पीड पोस्ट द्वारा भी भेजी गई। पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने इस संबंध मे यथाशीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने वालों में अतरछेड़ी, सादुल्लागंज, मलगांवा, निसोई, ढकौरा सहित कई गांवों के प्रधान और हरूनगला, नैनपुर, रम नगला, समांधीपुर, मेहंदी नगला, बिलौरी, चंजरी बाल किशनपुर, गिधौली, चमन गौंटिया, डरूआपुर आदि गांवों के सैकड़ों क्षेत्रीय लोग शामिल थे। सभी ने धार्मिक आस्था के इस केंद्र के सौंदर्गीकरण और जीर्णोद्धार की पुरजोर मांग की।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *