उरई। जालौन कोतवाली क्षेत्र के कैथ ग्राम में लापता मासूम की हत्या की गुत्थी शव मिलने के एक दिन बाद तक अभी सुलझ नही पाई है।
कैथ में गुरुवार की सुबह घर के बाहर खेलते समय इंद्रपाल सिंह का तीन वर्षीय अबोध बेटा सम्राट उर्फ बुनू लापता हो गया था। पूरे दिन परिजन उसकी तलाश में परेशान रहे। बाद में पुलिस को भी सूचना दी गई। लेकिन बच्चे का कोई सुराग नही लगा।
शुक्रवार को जब बच्चे की तलाश में तालाब का पानी खाली किया जा रहा था उसी समय किनारे पर एक शव दिखाई दिया। जो मलवा हटाकर निकाले जाने पर सम्राट का ही निकला जिससे घर में हाहाकार मच गया। कल शाम को अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी घटना का जायजा लेने पहुंचे थे। लेकिन इसके बावजूद बच्चे की हत्या करके किसने उसे दफन किया इसका सुराग पुलिस नही लगा सकी है। पिता इंद्रपाल सिंह का कहना है कि उन्हें पक्का विश्वास है कि घटना को गांव के ही किसी व्यक्ति द्वारा अंजाम दिया गया है। हालांकि वे किसी का नाम लेने की स्थिति में नही हैं। क्योंकि उनकी गांव में किसी से रंजिश नही है। उधर यह भी चर्चा तेज है कि कहीं बच्चे की हत्या तंत्र साधना के लिए तो नही की गई। सम्राट अपने पिता इंद्रपाल की इकलौती संतान था। इंद्रपाल के उरकरा कालपी निवासी सुमन के साथ विवाह के चौदह वर्ष बाद वह जन्मा था। इस तरह जन्में बेटे की बलि का तंत्र साधना में विशेष महत्व होता है।
-अभिषेक कुशवाहा जालौन