फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। एक अक्टूबर से स्कूलों के समय में बदलाव हो जाएगा। बदलते मौसम के साथ अब स्कूल खुलने का समय भी बदल जाएगा। शासन से जारी आदेश के अनुसार जिले में संचालित बेसिक शिक्षा विभाग के 536 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालय व माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालय 1 अक्टूबर से सुबह 9 बजे खुलेंगे। स्कूल सुबह 9 बजे से तीन बजे तक संचालित किए जाएंगे। अभी तक विद्यालय सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक खोले जा रहे थे। सर्दी के मौसम की शुरुआत हो रही है, जिसके चलते शासन ने एक अक्टूबर से स्कूलों के समय में परिवर्तन करने के आदेश जारी किए हैं। कक्षा एक से पांच तक के लिए सुबह के 15 मिनट प्रार्थना व उपस्थिति दर्ज करने के लिए और आधे घण्टे मिड डे मील के लिए दिए जाएंगे। शिक्षकों का विभाजन विषय विशेषज्ञता के आधार पर न करके कक्षानुसार किया जाएगा। विद्यार्थियों के लर्निंग आउटकम प्राप्त कराने की जिम्मेदारी संबंधित शिक्षक की होगी। प्रार्थनासभा व योगाभ्यास नौ से सवा नौ बजे तक होगा और इंटरवल 12 से 12.30 बजे के बीच होगा। वहीं, एक अक्तूबर को सभी स्कूलों में अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर उन्हें बुजुर्गों की मदद करने, उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखने, उन्हें सक्रिय व व्यस्त रहने की शपथ भी दिलाई जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव