सीमावर्ती स्कूलों पर प्रतिनियुक्ति की मार, पहले से खाली पदों के बीच एक और विदाई
राजस्थान/बाड़मेर – शिफारिशो पर व्याख्याता को भेजा बाहर बच्चों ने लगाईं गुहार हमारी पढाई लिखाई होगी चौपट,राजस्थान के पश्चिमी बाड़मेर जिले के सीमावर्ती उपखंड मुख्यालय गडरा रोड स्थित स्वतंत्रता सेनानी तेजूराम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय इन दिनों शिक्षकों की भारी कमी से जूझ रहा है। विद्यालय में पहले से ही कई विषयों के शिक्षकों के पद रिक्त चल रहे हैं। ऐसे में राज्य स्तर से विद्यालय में कार्यरत एक और व्याख्याता को प्रतिनियुक्ति पर अन्य विभाग में भेजने के आदेश ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस फैसले से ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
जानकारी के अनुसार विद्यालय में राजनीतिक विज्ञान विषय के व्याख्याता को राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) में प्रबंधक के पद पर प्रतिनियुक्ति पर लगाया गया है। इसके चलते विद्यालय में राजनीतिक विज्ञान विषय का पद भी खाली हो गया है। सवाल यह है कि जब सीमावर्ती क्षेत्र के इस प्रमुख विद्यालय में पहले से ही शिक्षकों की कमी बनी हुई है, तो यहां कार्यरत शिक्षक को दूसरे विभाग में भेजने का निर्णय किस आधार पर लिया गया ?
विद्यालय में वर्तमान में करीब 517 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। आसपास के गांवों और ढाणियों से विद्यार्थी बेहतर शिक्षा की उम्मीद लेकर यहां पहुंचते हैं। लेकिन व्याख्याता, वरिष्ठ अध्यापक (द्वितीय श्रेणी), लेवल-2 और लेवल-1 सहित विभिन्न संवर्गों के पद रिक्त होने से शिक्षण व्यवस्था पहले ही प्रभावित हो रही है। अब एक और व्याख्याता को विद्यालय से हटाए जाने के बाद विद्यार्थियों की विषयवार पढ़ाई और परीक्षा परिणाम पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
ग्रामीणों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में शिक्षा की मजबूत व्यवस्था करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। यहां के विद्यार्थियों को पहले ही कई भौगोलिक और शैक्षणिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में शिक्षकों की कमी दूर करने के बजाय उपलब्ध शिक्षक को भी प्रतिनियुक्ति पर भेजना विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि क्या राज्य स्तर पर प्रतिनियुक्ति के आदेश जारी करते समय विद्यालय में अध्ययनरत 517 विद्यार्थियों और पहले से रिक्त पड़े पदों की स्थिति का आकलन किया गया था? यदि विद्यालय में शिक्षकों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, तो ऐसे आदेशों से शिक्षा व्यवस्था और कमजोर होगी।
ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों और राज्य सरकार से मांग की है कि राजनीतिक विज्ञान के व्याख्याता की प्रतिनियुक्ति तत्काल निरस्त कर उन्हें मूल विद्यालय में वापस लगाया जाए। साथ ही विद्यालय में रिक्त चल रहे सभी शिक्षकीय पदों को प्राथमिकता से भरकर नियमित शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों को अतिरिक्त शिक्षकों की आवश्यकता है, न कि यहां से उपलब्ध शिक्षकों को दूसरे विभागों में भेजने की। अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग विद्यार्थियों के भविष्य को प्राथमिकता देता है या फिर प्रतिनियुक्ति के आदेश के चलते विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था इसी तरह प्रभावित होती रहेगी।
— राजस्थान से राजूचारण
