बरेली। शहनाई बारातघर मे हुए हत्याकांड के सजायाफ्ता हिस्ट्रीशीटर अंशु आर्या ने भाजपा नेताओं के साथ सर्किट हाउस में अपन जन्मदिन मनाया। साथ ही अपनी धमक दिखाने के लिए नेताओं के साथ केक काटने के ये फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए। इस मामले में मृतक के भाई ने डीआईजी मुनिराज जी और डीएम अविनाश सिंह से शिकायत की है। किला निवासी राजकिरन ने बताया कि 22 अप्रैल 2016 को कोतवाली क्षेत्र स्थित शहनाई बारातघर में उनके भाई राजीव उर्फ राजू की हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में तीन नवंबर 2022 को सत्र न्यायालय ने अंशु आर्या वाल्मीकि, संजीव, रंजीत और हरिओम को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी और 4.31 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया था। नेकपुर गौटिया निवासी अंशु आर्या सुभाषनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और इन दिनों जमानत पर जेल से बाहर है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों हिस्ट्रीशीटर अंशु आर्या ने अपना जन्मदिन मनाया। दस मार्च को केक काटने की तस्वीरों में भाजपा नेता दक्ष पाराशर, मनोज थपलियाल समेत कुछ अन्य लोग भी उसके साथ नजर आ रहे हैं। मालूम हो कि दक्ष पाराशर राष्ट्रीय पैरा तलवारबाजी महासंघ के प्रेसिडेंट, भारत सरकार की पैरालंपिक डवलपमेंट कमेटी एडवाइजरी बोर्ड के सदस्य और चेयरमैन, आयुष मंत्रालय में हिंदी सलाहकार समिति के सदस्य और केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान संस्थान (शासी निकाय) के नामित सदस्य हैं। वहीं, मनोज थपलियाल आयुष मंत्रालय के सदस्य हैं। ऐसे में इन तस्वीरों ने नेताओं और हिस्ट्रीशीटर की नजदीकियों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए है। वही राजकिरन ने अपनी शिकायत के साथ ही अंशु आर्या का आपराधिक इतिहास भी अधिकारियों को सौंपा है। इसमें उसके खिलाफ कोतवाली में हत्या, बलवा, जानलेवा हमला, मारपीट और आर्म्स एक्ट के नौ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। राजकिरन का यह भी आरोप है कि अंशु आर्या अपनी लग्जरी गाड़ी पर प्रेस लिखवाकर पुलिस-प्रशासन को गुमराह कर रहा है। आयुष मंत्रालय के सदस्य मनोज थपलियाल ने बताया कि यह तस्वीर काफी पुरानी है। सर्किट हाउस में किसी कार्य से गया था, उसी समय वहां इस युवक ने अपना जन्मदिन मनाया, जिसमें मुझे भी शामिल होने का आग्रह किया। मैं समाजसेवा के कार्यों से जुड़ा हूं, इसलिए उसके आग्रह को ठुकरा नहीं सका। वैसे मैं इस व्यक्ति को नहीं जानता हूं।।
बरेली से कपिल यादव
