बरेली। पुरानी गाड़ियों पर लोन दिलाने के नाम पर फाइनेंस कंपनी के दो एजेंटों ने 51 लाख 70 हजार 964 रुपये का गबन कर लिया। दोनों ग्राहकों से दस्तावेज लेकर उनके नाम पर लोन मंजूर कराते थे और रकम अपने खाते में आते ही हड़प लेते थे। कंपनी की शिकायत पर दर्ज दो मुकदमों में करीब दो महीने से आरोपियों की तलाश कर रही कोतवाली पुलिस ने बुधवार को दोनों को सैटेलाइट बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी बरेली और मुरादाबाद के रहने वाले है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वास्तु फिनसर्व इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में डायरेक्ट सेलिंग एजेंट (डीएसए) के तौर पर काम करते थे। पुरानी गाड़ियां खरीदने के लिए जिन लोगों को लोन की जरूरत होती थी, आरोपी उनसे संपर्क करते थे। लोन दिलाने के नाम पर ग्राहकों से जरूरी दस्तावेज लेते और उनके नाम पर ऋण मंजूर कराते थे। आरोप है कि इसके बाद लोन की रकम हड़प लेते थे। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ग्राहकों का लोन मंजूर होने के बाद फाइनेंस कंपनी लोन की रकम डीएसए के बैंक खाते में ट्रांसफर करती थी। आरोपियों ने इसी व्यवस्था का फायदा उठाया। ग्राहकों तक रकम पहुंचाने के बजाय उसे खुद हड़प लेते थे। इस तरह कंपनी की लोन निधि और भुगतानों में हेराफेरी कर कुल 51,70,964 रुपये के गबन का आरोप है। लोन और भुगतानों में लाखों रुपये की गड़बड़ी सामने आने के बाद कंपनी ने 27 सितंबर 2026 को कोतवाली थाने में दो मुकदमे दर्ज कराए थे। एक मुकदमा रोहित चौधरी समेत अन्य के खिलाफ, जबकि दूसरा मोहम्मद आशु के खिलाफ दर्ज कराया गया था। जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने दूसरे मुकदमे में आपराधिक साजिश की धारा भी बढ़ा दी। बुधवार को कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सैटेलाइट बस स्टैंड के पास से मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र की खुशहालपुर स्थित दुर्गा कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय रोहित चौधरी और बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के सहसवानी टोला निवासी 25 वर्षीय मोहम्मद शहरोज को गिरफ्तार कर लिया।।
बरेली से कपिल यादव
