राजस्थान/बाड़मेर- नर्मदा नहर की माणकी वितरिका से सिंचाई के लिए छोड़े जा रहे पानी की चोरी रोकने के लिए प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम धोरीमन्ना बद्रीनारायण विश्नोई की मौजूदगी में नर्मदा नहर परियोजना के अधिकारियों ने करीब दो दर्जन से ज्यादा अवैध जल कनेक्शन विच्छेद किए। इस दौरान कार्रवाई में बाधा उत्पन्न कर लोकशांति भंग करने के मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, माणकी वितरिका से रबी की फसलों की सिंचाई के लिए छोड़े जा रहे पानी की चोरी को लेकर पिछले कई दिनों से किसानों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। दो दिन पूर्व प्रभावित किसानों ने एसडीएम बद्रीनारायण विश्नोई को ज्ञापन सौंपकर अवैध कनेक्शन हटाने और पानी चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की थी। किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम विश्नोई बुधवार को नर्मदा नहर परियोजना के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने वितरिका का निरीक्षण कर पानी चोरी के लिए लगाए गए अवैध कनेक्शनों को हटाने के निर्देश दिए। इसके बाद नर्मदा नहर परियोजना खंड चतुर्थ के कनिष्ठ अभियंता स्वरूप सोनी ने एसडीएम की मौजूदगी में करीब दो दर्जन अवैध कनेक्शन विच्छेद किए। यह कार्रवाई लगभग चार घंटे तक चली।
एसडीएम विश्नोई ने वितरिका से अवैध रूप से पानी लेने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे आगामी 24 घंटे में अपने अवैध कनेक्शन स्वयं विच्छेद कर दें। निर्धारित समय में कनेक्शन नहीं हटाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नर्मदा नहर परियोजना के अधिकारियों द्वारा पानी चोरी का मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य वितरिका के अंतिम छोर पर बैठे किसानों तक भी सिंचाई के लिए समान रूप से पानी पहुंचाना है। कुछ लोगों द्वारा अवैध कनेक्शन लगाकर पानी चोरी करने से टेल पर स्थित किसानों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। इसे देखते हुए पानी चोरी रोकने के लिए नर्मदा नहर परियोजना के अधिकारियों और पुलिस के साथ रात के समय संयुक्त गश्त की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पानी चोरी के मामले में प्रशासन किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगा। कार्रवाई के दौरान कनिष्ठ अभियंता स्वरूप सोनी सहित नर्मदा नहर परियोजना के अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रभावित किसान मौजूद रहे।
— राजस्थान से राजूचारण
