बरेली/ फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के रेड रोजेज पब्लिक स्कूल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में सांसद सहित अन्य अतिथियों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, एमएलसी महाराज सिंह, विधायक डॉ. डीसी वर्मा, भाजपा ब्रज क्षेत्र की मंत्री शुभासनी जायसवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय के प्रबंधक अजय सक्सेना ने सभी अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। सांसद श्रुति गंगवार ने कहा कि शिक्षा के विस्तार से ही समाज और राष्ट्र का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित हो सकता है। उन्होंने बच्चों को संदेश देते हुए कहा कि उन्हें पढ़ाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। मोबाइल पर समय बर्बाद करने के बजाय अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के बारे में सोचना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान प्रेस क्लब की ओर से भी राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रियंका सक्सेना ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन राहुल युद्धवंशी ने किया। इस मौके पर धर्म विजय गंगवार, पूर्व चेयरमैन कृष्णपाल मौर्य, मेजर सुशील कुमार सक्सेना, रमन कुमार जायसवाल, मंडल अध्यक्ष कैलाश शर्मा, सिंटू सिंह, राजीव मिश्रा, अंकित भारद्वाज, सिंटू पाठक, केपी राना, दिनेश पांडेय, सुदीप गुप्ता, प्रेमपाल गंगवार, सौरभ पाठक, इमरान अंसारी, अतहर हुसैन, लविस गंगवार हरीश कातिब, कुलबीर सिंह सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ, अभिभावक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव
