दो सप्ताह बाद सामान्य चली ओपीडी, उमड़ी भीड़, अव्यवस्था से जूझे दिव्यांग

बरेली। मौसम में हुए बदलाव और ठंड के बढ़ते असर के बीच बुखार, सर्दी-खांसी समेत कई बीमारियों का हमला तेज हो गया है। दो सप्ताह बाद सोमवार को जिला अस्पताल में सामान्य ओपीडी का संचालन हुआ। पर्चा काउंटर पर कई बार मरीजों-तीमारदारों में धक्कामुक्की तक हो गई। हंगामा होने पर वहां सिक्योरिटी गार्ड तैनात किया गया। पैथलाजी और दवा काउंटर पर भी दोपहर दो बजे के बाद भी भीड़ लगी रही। त्योहार की वजह से बीते सप्ताह ओपीडी प्रभावित रही थी। सिर्फ दो दिन ही सामान्य ओपीडी का संचालन हुआ था। ऐसे मे सोमवार को ओपीडी खुलने के साथ ही मरीजों की भीड़ जुट गई थी। पर्चा काउंटर पर सुबह से दोपहर एक बजे लंबी कतारें लगीं। इस दौरान भीड़ में कई बार हंगामा व धक्का-मुक्की हुई। ओपीडी में सर्दी-खांसी, जुकाम, बुखार, सांस में तकलीफ, सीने में दर्द, जकड़न के मरीजों की संख्या अधिक रही। इधर, अस्पताल के बच्चा वार्ड में सोमवार को 16 बच्चे भर्ती थे। इसमें 11 बच्चों को निमोनिया है। वरिष्ठ बालरोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप गुप्ता ने बताया कि मौसम में बदलाव के चलते ओपीडी में निमोनिया, सर्दी-जुकाम और बुखार पीड़ित बच्चे अधिक आ रहे हैं। अस्पताल में सोमवार को 1700 से ज्यादा मरीजों का पंजीकरण हुआ। पैथलाजी में भी काफी भीड़ रही। दो सप्ताह बाद लगा शिविर, अव्यवस्था से जूझे दिव्यांग : सीएमओ कार्यालय में दो सप्ताह बाद सोमवार को दिव्यांग प्रमाण पत्र शिविर लगा। बीते सप्ताह अवकाश की वजह से शिविर का आयोजन नहीं हुआ था। सोमवार को इसका असर दिखा और दिव्यांगों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक रही। भीड़ अधिक होने की वजह से व्यवस्था चरमरा गई। दिव्यांगों को बैठने की जगह कम पड़ गई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *