बहेड़ी, बरेली। असलहा फैक्ट्री चलाने वाले आरोपियों के पाकिस्तानी कनेक्शन जुड़े पर पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। आरोपी सुखराज के मोबाइल से पाकिस्तारी अजमल गुर्जर के अलावा अन्य कई पाकिस्तानी इंफ्लूएंसर से संपर्क मिले हैं। उसके मोबाइल को पुलिस खंगालने में लगी है। व्हाट्एस चैट डिलीट को रिकवर किया जाएगा। आरोपियों के उत्तराखंड और नेपाल तक हथियार सप्लाई के तार पाये गये हैं। जो दो आरोपी गुरुसेवक और अनस फरार हैं उनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस को कुछ बड़ा हाथ लग सकता है। शनिवार-रविवार रात को एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में सीओ बहेड़ी, थाना पुलिस और एसओजी ने सयुंक्त रूप से गन्ना उत्पादक महाविद्यालय के पास एक खंडहर में छापा मारकर अवैध असलाह फैक्ट्री पकड़ी थी। मौके से सिकलपुरा भोजपुर जोगीठेर निवासी सुखराज सिंह,गांव पचपेड़ा निवासी शानू मियां ,रामपुर के थाना बिलासपुर के ग्राम स्वालेनगर निवासी जीवनदीप सिंह, पीलीभीत के थाना माधौटांडा के गांव मैना कोट निवासी जसनूर को मौके से पकड़ा था। मौके से पिस्टल, बंदूक, राइफल आदि अवैध हथियार बने मिले थे। कुछ अधबने हथियार मिले। हथियार बनाने के कई उपकरण मौके से बरामद हुए। मौका पाकर गुरसेवक और अनस भाग गये। आरोपियों से पूछताछ में कई अहम साक्ष्य मिले। जिसमें फरार अनस और गुरसेवक के नेपाल और उत्तराखंड तक कनेक्शन मिले। मुख आरोपी सुखराज से पाकिस्तानी कनेक्शन जुड़ने के बाद पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस को हथियार फैक्ट्री चलाने वाले आरोपियों के पास चार मोबाइल मिले। उनकी कॉल डिटेल निकलवाई गई है। चुनाव के समय अवैध हथियारों की डिमांड अधिक बढ़ती है। आगामी चुनाव नजदीक है। ऐसे में आरोपी यूपी, उत्तराखंड, नेपाल आदि सप्लाई करने की योजना बना रहे थे। मोबाइल की कॉल डिटेल, व्हाट्सएप कॉल, इंस्ट्राग्राम चैट आदि को खंगाला जा रहा है। चारों मोबाइल जांच को पुलिस ने भेजे है। मुख्य आरोपी सुखराज के मोबाइल पुलिस को कई साक्ष्य मिले है। जिसमें कई रील और वीडियो मिले हैं। सुखराज के अवैध हथियारों के साथ तमाम तस्वीरें हैं। राइफल, पिस्टल, तमंचा के साथ तस्वीरें पाई गई हैं। सुखराज रील के जरिए अवैध हथियारों की सप्लाई करता था। करीब एक साल से अवैध हथियारों की सप्लाई की बात सामने आ रही है। पूछताछ में सुखराज ने पुलिस को बताया, उसकी पाकिस्तानी अजमल गुर्जर से व्हाट्सएप कॉल पर बातचीत हुई। जिसमें अजमल ने एक पिस्टल का फोटो भेजा। कहा, इसकी कीमत 1.20 से 1.50 लाख के पास होगी। तुम्हें हथियार लेने को पंजाब बार्डर पहुंचना होगा। हथियार की सप्लाई ड्रोन के जरिए दी जाएगी। सुखराज ने बताया, अनस और गुरसेवक भी हथियारों की सप्लाई उत्तराखंड और नेपाल तक करते थे। पाकिस्तानी इंफ्लूएंसर हथियार की वीडियो बनाकर डालते थे। अनस और गुरसेवक का संपर्क जेल में बंद इशरत पहलवान से मिला है।।
बरेली से कपिल यादव
