25 लाख रुपये न देने पड़े इसलिए की थी युवक की हत्या, मुठभेड़ मे दो आरोपी गिरफ्तार

आंवला, बरेली। जनपद के थाना आंवला के अकरम अली की हत्या कर भागे आरोपी तौफीक कुरैशी और अशरफ उर्फ चौड़ा को पुलिस ने सोमवार सुबह जंगल में घेर लिया। हत्यारोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। उनकी गोली से दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में तौफीक और अशरफ के पैर में गोली लगी। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनका साथी विकास यादव भाग गया। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, चार कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 8:45 बजे आंवला कस्बे में गोली चलने की सूचना मिली थी। अकरम (22) और उनके पिता अशरफ (55) अपने फार्म हाउस से घर लौट रहे थे, तभी उन पर हमला हुआ। रास्ते में तौफीक और उसके दो साथियों ने जान से मारने की नीयत से उन पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में अकरम के सिर में गोली लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। इस मामले में अशरफ अली की तहरीर पर आंवला थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक जांच में अशफाक उर्फ चौड़ा व विकास यादव के नाम प्रकाश में आए। एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की थीं। आंवला पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के आरोपी बंजरिया के जंगल में छिपे हैं। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी की और आरोपियों से आत्मसमर्पण के लिए कहा। इस पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपियों की फायरिंग में हेड कांस्टेबल कामेश्वर सिंह और उपनिरीक्षक शुभम कुमार के बाजू को गोली रगड़ती हुई निकली। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें तौफीक कुरैशी (23) और अशफाक उर्फ चौड़ा (20) घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनका तीसरा साथी विकास यादव जंगल की झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पूछताछ में तौफीक ने बताया कि उसने अकरम से 25 लाख रुपये के भैंस के पड्डे खरीदे थे, जिनके रुपये उसे देने थे। रुपये न देने पड़े, इस उद्देश्य से उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अकरम की हत्या की साजिश रची थी। 15 नवंबर को गोली मारने के बाद तीनों फरार हो गए। 16 नवंबर को छिपते-छिपाते भागने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *