फरीदपुर, बरेली। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा की ओर से रविवार को संगठन पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसमें पदाधिकारी को संबोधित करने पहुंचे प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने नए वोट बनाने की जिम्मेदारी सौंपी। रविवार को फ्यूचर यूनिवर्सिटी के सभागार में हुए संगठन पदाधिकारियों की बैठक में संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहाकि पार्टी विधानसभा स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर रही है। इन बैठकों में काम बांटकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जा रही हैं, ताकि सरकार के काम और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाया जा सके। चौधरी ने कहा कि भाजपा का एजेंडा विकास है। 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का हर कार्यकर्ता सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और उपलब्धियों का लेखा-जोखा लेकर जनता के बीच जाएगा। इसके लिए संगठन स्तर पर योजना बनाई जा रही है। चौधरी ने कहा कि विकास कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाने पर पार्टी 2027 का विधानसभा चुनाव बड़े अंतर से जीतेगी। इस दौरान भाजपा एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, ईशान ग्वाल, सुभाषिनी जायसवाल, जवाहरलाल, नवीन शर्मा, सोनम ग्वाल और अनिल प्रताप सिंह राणा समेत संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
