छठ महापर्व: आस्था के आगे बादलों ने भी टेके घुटने, डूबते सूर्य के दर्शन कर परिवार के साथ दिया अर्घ्य

बरेली। रविवार की सुबह आसमान में छाए बादल और रह-रहकर होती बूंदाबांदी… व्रती महिलाओं के मन में एक ही सवाल था कि क्या शाम को सूर्यदेव के दर्शन हो पाएंगे? दिनभर मौसम की आंख-मिचौली के बीच निगाहें आसमान पर टिकी रहीं। फिर शाम ढली तो धुंध के बीच सूर्य की लालिमा दिखाई दी और श्रद्धालुओं के चेहरे खिल उठे। देखते ही देखते रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में बने जलकुंड पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कोई सिर पर पूजा का डाला लेकर पहुंचा तो कोई मां का हाथ थामे घाट तक आया। जलकुंड में खड़ी महिलाओं ने सूर्यदेव को अर्घ्य दिया, वहीं कुछ श्रद्धालु दंडवत प्रणाम करते नजर आए। इस भक्ति के बीच 80 साल की मालती देवी की आस्था भी देखने लायक रही। मालती पूरे परिवार के साथ घाट पर पहुंची और उनके साथ सिर पर डाला रखे उनके बेटे मुस्कुराते हुए छठी मइया के जयकारे लगाते नजर आए। वहीं, रेलवे कॉलोनी में बने जलकुंड के चारों ओर इसी प्रकार की छटा बिखरी नजर आई। बड़ी संख्या में व्रती अपने परिवार के साथ पहुंचे और सूर्य को अर्घ्य देकर मंगलकामना की। दोपहर बाद से ही विश्वविद्यालय परिसर की ओर जाने वाले रास्तों पर श्रद्धालुओं की टोलियां नजर आने लगी थीं। घाट पर आस्था और पारिवारिक एकजुटता के कई भावुक रंग देखने को मिले। परिवार के पुरुष सदस्य सिर पर बांस का सूप और फल, ठेकुआ, नारियल, सुथनी व गन्ने से सजा पूजा का डाला (टोकरी) उठाए नंगे पांव घाट तक पहुंचे। वहीं, कई श्रद्धालु ऐसे भी थे जिन्होंने अपनी मन्नत पूरी होने पर घर से लेकर घाट तक जमीन पर लेटकर दंडवत प्रणाम करते हुए अपनी अटूट श्रद्धा प्रकट की। जलकुंड में उतरने के दौरान कोई अपनी मां का हाथ थामे सहारा दे रहा था, तो कोई अर्घ्य के लिए दूध और जल की धार देने में सहयोग कर रहा था। परिसर में छठ महापर्व का नजारा देखते ही बन रहा था। जलकुंड के पानी में खड़ी व्रती महिलाएं सूप में सजे मौसमी फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य दे रही थीं। पारंपरिक साड़ियों और पूरे श्रृंगार में पहुंची महिलाओं के चेहरों पर व्रत की थकान से ज्यादा आस्था और उत्साह नजर आ रहा था। उनके साथ परिवार के सदस्य भी पूजा में शामिल हुए। कोई हाथों में पूजन का डाला लिए चल रहा था तो कोई व्रती महिलाओं के साथ घाट तक पहुंच रहा था। कुछ श्रद्धालुओं ने दंडवत प्रणाम कर छठी मैया के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। जलकुंड के किनारे व्रती महिलाओं ने अपनी अलग-अलग वेदियां बनाईं थीं। इन्हें आकर्षक ढंग से सजाया गया था। महिलाएं अपनी-अपनी वेदियों के पास बैठकर पूजन की तैयारी करती रहीं। शाम होते ही जलकुंड के आसपास छठी मैया के गीत और जयकारे गूंजने लगे। सूर्य की लालिमा के बीच जल में खड़ी व्रती महिलाओं का अर्घ्य देने का दृश्य पूरे माहौल को भक्तिमय बना रहा था। छठ पर्व के बीच बार मौसम ने व्रतियों की चिंता बढ़ा दी थी। सुबह से आसमान में धुंध और बादल छाए रहे। बीच-बीच में हुई बूंदाबांदी से लोगों को आशंका थी कि कहीं शाम को सूर्यदेव के दर्शन न हो पाएं। कई श्रद्धालुओं की निगाहें लगातार आसमान पर लगी रहीं। विश्वविद्यालय कैंपस में रहने वाले घनश्याम तिवारी ने बताया कि सुबह मौसम का मिजाज देखकर हम सबके मन में डर था लेकिन शाम को जब सूर्य की लालिमा दिखाई दी तो लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, विनीता, लता, चंचल आदि व्रती महिलाओं का कहना था कि छठी मैया की कृपा से सूर्यदेव के दर्शन हुए और वे पूरे विधि-विधान से अर्घ्य दे सकी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *