नगर परिषद क्षेत्र में समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें – जिला कलक्टर

* संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें

राजस्थान/बाड़मेर- त्यौहारों के मद्देनजर नगर परिषद क्षेत्र में समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही नगरीय परिक्षेत्र में व्यवस्था सुचारू बनाए रखें और सार्वजनिक निर्माण विभाग, नगर परिषद और यूआईटी आपसी समन्वय से सड़कों की स्थिति का सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जिला कलक्टर चिन्यमी गोपाल ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर कलेक्ट्रेट कॉन्फ्रेंस हॉल में साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए यह बात कही। जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाएं, जिससे उन्हें समयबद्ध और त्वरित राहत मिल सके।

जिला कलक्टर ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप परिवादियों की संतुष्टि दर बढ़ाने के लिए सभी प्रकरणों को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ निपटाया जाए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा सिविक एमनीटीज़ से संबंधित प्रकरणों का डिस्पोजल तीन दिवस के भीतर और वीवीआईपी पेंडेंसी का डिस्पोजल प्राथमिकता से करें।

जिला कलक्टर ने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को त्यौहारों के दौरान खाद्य पदार्थों एवं विशेष रूप से मिठाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सघन जाँच और सैंपलिंग करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मिलावट करने वालों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने फ्लैगशिप योजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा करते हुए कर्मभूमि से मातृभूमि, शिक्षित राजस्थान अभियान, पीएम कुसुम योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, लखपति दीदी और बैंक सखी योजना की नियमित मॉनिटरिंग कर आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान सहायक निदेशक लोक सेवाएं सुरेन्द्र प्रतापसिंह भाटी ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की विभागवार स्थिति से अवगत कराया। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि कुमार, यूआईटी सचिव विवेक व्यास, उपखंड अधिकारी भवानीसिंह, कोषाधिकारी रमेशदान, जिला रसद अधिकारी अश्विनी गुर्जर, अतिरिक्त मुख्य अभियंता सुराराम चौधरी, अधीक्षण अभियंता हजारीराम बालवा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी विष्णुराम विश्नोई, मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनूपसिंह गुर्जर और मुख्य आयोजना अधिकारी नखताराम ईशराम सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

— राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *