34 क्रिटिकल मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर कानून- व्यवस्था का लिया जायजा, मंगलवार को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा मतदान
राजस्थान/बाड़मेर -पंचायती राज आम चुनाव 2026 के तृतीय चरण के तहत धोरीमन्ना पंचायत समिति क्षेत्र में मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। क्षेत्र के सभी 99 मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। सोमवार शाम 7 बजे तक सभी मतदान दलों के निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंचने की संभावना है। वहीं, मंगलवार 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी धोरीमन्ना बद्रीनारायण विश्नोई ने रविवार को कानून-व्यवस्था की स्थिति और मतदान व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए सभी 34 क्रिटिकल मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने तहसीलदार एवं विकास अधिकारी के साथ सभी 99 मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करवाया, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की समस्या नहीं आए।
तहसीलदार एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी धोरीमन्ना चंद्रप्रकाश शर्मा ने भलीसर, राणासर कल्ला, कोलियाणा, सोनारों की बेरी, लोहारवा, चैनपुरा, गोदारों की बेरी, अरणियाली, भालीखाल, सनावड़ा कल्ला और नरावतों का गोलिया सहित करीब एक दर्जन क्रिटिकल मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली और आमजन से संवाद कर आवश्यक फीडबैक प्राप्त किया।
रिटर्निंग अधिकारी विश्नोई ने उपखंड कार्यालय में सभी 34 क्रिटिकल मतदान केंद्रों के जोनल मजिस्ट्रेट की बैठक लेकर चुनावी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित थानाधिकारियों एवं तहसीलदार से क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विश्नोई ने बताया कि धोरीमन्ना पंचायत समिति क्षेत्र में कुल 99 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 34 मतदान केंद्र विभिन्न कारणों से क्रिटिकल श्रेणी में शामिल हैं। इन केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ सुरक्षा एवं निगरानी संबंधी व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया जा रहा है।
रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि सोमवार शाम 7 बजे तक सभी मतदान दलों को निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंचाने के लिए जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया गया है। मंगलवार को मतदान संपन्न होने के बाद ईवीएम को पंचायत समिति धोरीमन्ना के सभागार स्थित प्रबल कक्ष में सुरक्षित रखा जाएगा। इसके बाद अगले दिन पुलिस जाब्ते के साथ ईवीएम को संग्रहण केंद्र एमबीआर राजकीय महाविद्यालय, बालोतरा के प्रबल कक्ष में पहुंचाया जाएगा। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
— राजस्थान से राजूचारण
