भागवत कथा सुनने गए युवक को मारी गोली, हालत गंभीर, छह लोगों पर मुकदमा दर्ज

बरेली। पुरानी रंजिश को लेकर सीबीगंज थाना क्षेत्र के गांव मथुरापुर में शुक्रवार रात भागवत कथा सुनने गए एक व्यक्ति को गोली मार दी गई। गंभीर हालत में उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मथुरापुर निवासी सावित्री ने पुलिस को बताया कि 16 जनवरी 2025 को गांव के ललित उर्फ लाला ने अपने साथी करन की मदद से उनके बेटे दिव्यांश की उंगली कुचल दी थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था। तभी से ललित, करन और उनके परिजन रंजिश मानते थे। आरोपी कई बार उनके पति संतोष को जान से मारने की धमकी दे चुके थे और समझौते के लिए भी दबाव भी बना रहे थे। उनका आरोप है कि हाल ही में इस मामले में आरोपियों को कोर्ट से नोटिस मिले तो वे सभी बौखलाए हुए थे। सावित्री के मुताबिक शुक्रवार रात करीब नौ बजे उनके पति संतोष घर से कुछ दूरी पर स्थित मंदिर में भागवत कथा सुनने गए थे। रात करीब 9:25 बजे उन्होंने पति को फोन कर छोटे बेटे विराज के बारे में पूछा तो संतोष ने कहा कि वह उनके पास नहीं है। इसके करीब पांच-छह मिनट बाद ही गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि उनके पति संतोष को किसी ने गोली मार दी है। सूचना पर वह अपने देवर और बेटे के साथ मौके पर पहुंचीं तो संतोष खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। गोली बाईं आंख को फाड़ते हुए सिर में धंस गई थी। उनका आरोप है कि गोली ललित ने मारी और करन, मदनलाल, रोहतास, विनोद व महेंद्र भी उसके साथ थे। खतरे में आंख, चल रहा इलाज : जावित्री की तहरीर पर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उनका आरोप है कि सबने मिलकर उनके पति की हत्या की साजिश रची थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजन की मदद से संतोष को भोजीपुरा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। गोली सिर में फंसी होने के कारण डॉक्टर ने उनका ऑपरेशन करने की बात कही है। गोली लगने के कारण उनकी आंख को भी खतरा जताया जा रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि ऑपरेशन के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *