23 केंद्रों पर कल से होगी पीईटी, परीक्षार्थियों के लिए चार जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

बरेली। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2026) 25, 30 अक्टूबर और एक नवंबर को बरेली में 23 केंद्रों पर होगी। जिला प्रशासन ने परीक्षा की तैयारियां कर ली हैं। 62,064 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पहली पाली सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पाली की परीक्षा तीन से शाम पांच बजे तक होगी। पिछले वर्ष 2025 की पीईटी परीक्षा की अपेक्षा इस बार केंद्र कम बने हैं। पिछले साल 45 परीक्षा केंद्र थे। इस बार 23 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। प्रत्येक केंद्र पर 480 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। रोहिला इंटरनेशनल स्कूल में 600 अभ्यर्थियों की क्षमता वाला परीक्षा केंद्र बना है। बीएल इंटरनेशनल स्कूल के ब्लॉक-ए और ब्लॉक-बी में 312-312 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। भोजीपुरा के भारत इंटर कॉलेज में 432, बिशप मंडल इंटर कॉलेज में 384, सीएएस इंटर कॉलेज फरीदपुर 480 और छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज में 480 अभ्यर्थियों की क्षमता निर्धारित की गई है। एफआर इस्लामिया इंटर कॉलेज के ब्लॉक-ए और ब्लॉक-बी में 384-384, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में 480, कुंवर रणजीत सिंह इंटर कॉलेज में 480, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज में 528 और पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज में 480 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा नोडल अधिकारी एडीएम सिटी डॉ. अविनाश त्रिपाठी के नेतृत्व में संपन्न होगी। केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध रहेंगे। वही उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने परीक्षा स्पेशल के संचालन को विशेष इंतजाम किए हैं। बरेली होकर तीन जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की गई है। ये ट्रेनें 25 और 30 अक्टूबर और एक नवंबर को संचालित होंगी। बरेली के साथ ही रामपुर, शाहजहांपुर, मुरादाबाद और लखनऊ के बीच सफर करने वाले अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी। मुरादाबाद-लखनऊ के बीच दो जोड़ी अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *