क्योलड़िया, बरेली। नवाबगंज मे चल रहे रामलीला मेले को देखकर देर रात कार से घर लौट रहे चार युवक हादसे का शिकार हो गए। सड़क पर अचानक जंगली जानवर आ जाने से कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक समेत चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में एक युवक ने दम तोड़ दिया। अन्य तीन घायलों की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। क्योलड़िया के बरखेड़ा निवासी देवेंद्र गंगवार(30), ज्योरा कल्याणपुर निवासी राहुल, कुशीनगर के गैरी नरोत्तम गांव निवासी सुमित चौहान हाफिजगंज के चौखंडी गाव निवासी कार चालक पंकज गंगवार नवाबगंज में चल रहे रामलीला मेला देखने गए थे। मेला देखने के बाद चारों दोस्त रात करीब 11:30 बजे कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बबूरी मोड़ पर कार के सामने जंगली जानवर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर पलट गई। ग्रामीणों ने घायलों को कार से बाहर निकाला और उनके परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने लगे इसी दौरान देवेंद्र कुमार गंगवार ने रास्ते में दम तोड़ दिया। अन्य तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। देवेंद्र के परिवार में पत्नी प्रेमवती, छह वर्षीय बेटे नरेंद्र और एक वर्षीय बेटे शिवम हैं। परिवार के लोगों का कहना है कि हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को मृतक का गांव की श्मशान भूमि में अंतिम संस्कार कर दिया गया।।
— बरेली से कपिल यादव
