पगड़ी बांध पहुंची पुलिस ने पकड़ी स्मैक फैक्ट्री, तीन गिरफ्तार

रामनगर, आंवला, बरेली। सिरौली थाना क्षेत्र के गांव आलमपुर कोट में एएनटीएफ और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में स्मैक बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिसकर्मी पगड़ी बांधकर स्मैक का सौदा करने पहुंचा था। पुलिस टीम ने मौके से बनी हुई स्मैक, केमिकल और बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख के भाई के घर पुलिस ने दबिश दी है। पुलिस को काफी दिन से आलमपुर कोट गांव के एक घर में स्मैक बनाने की फैक्ट्री संचालित होने की सूचना मिल रही थी। गोपनीय सूचना के बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने एसपी साउथ अंशिका वर्मा को कार्रवाई के निर्देश दिए तो सीओ मीरगंज अजय कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई के लिए टीम का गठन किया गया। योजना बनाने के बाद गुरुवार को एक पुलिसकर्मी पगड़ी बांधकर स्मैक का सौदा करने स्मैक तस्कर के घर पहुंचा और बातचीत शुरू की। स्मैक के धंधे की पुष्टि होने पर पुलिसकर्मी ने टीम को इशारा दिया और वहां छापा मार दिया गया। इस दौरान वहां स्मैक बनाने का काम कर रहे तस्करों ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस की घेराबंदी के आगे नाकाम रहे और तीन व्यक्तियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस टीम उन्हें सिरौली थाने लेकर गई है, जहां पूछताछ की गई है। पुलिस को मौके से स्मैक बनाने मे इस्तेमाल होने वाला केमिकल, बनी हुई स्मैक और उपकरण बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया है कि यह पूरा परिवार ही स्मैक बनाने के काम में लिप्त है। बाहर से वे लोग सामान लेकर आते हैं और केमिकल का मिश्रण कर स्मैक बनाते हैं। फिर इसकी सप्लाई की जाती है। गौरतलब है कि एक साल पहले भी यहां एसओजी टीम ने छापा मारकर एक एक तस्कर को पकड़ा था लेकिन ग्रामीणों ने हमलाकर तस्कर को छुड़ा लिया था। तभी से यह गांव पुलिस और एएनटीफ के रडार पर बना हुआ था।।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *