ड्यूटी में मनमानी पर शिक्षक नाराज, बीएसए को दिया ज्ञापन

बरेली। जनगणना ड्यूटी और प्रशिक्षण केंद्रों के आवंटन में कथित अनियमितताओं के खिलाफ बुधवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने आवाज उठाई। प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष नरेश गंगवार के नेतृत्व में सैकड़ों शिक्षक बीएसए कार्यालय पहुंचे और बीएसए डॉ. विनीता को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग की। शिक्षक संघ ने आरोप लगाया कि कई शिक्षकों को उनके निवास और कार्यस्थल से काफी दूर प्रशिक्षण व ड्यूटी के लिए भेजा गया है। इससे दिव्यांग और गर्भवती महिला शिक्षको को परेशानी हो रही है। वही प्रभारी प्रधानाध्यापकों की विद्यालय संबंधी जिम्मेदारियों को भी नजरअंदाज किए जाने पर संगठन ने नाराजगी जताई। जिलाध्यक्ष नरेश गंगवार ने कहा कि शिक्षक जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में पूरा सहयोग करने को तैयार हैं, लेकिन ड्यूटी तय करते समय उनकी वास्तविक परिस्थितियों का ध्यान रखना जरूरी है। इस दौरान केसी पटेल, योगेश गंगवार, मनोज गंगवार, तपन सिंह मौर्य, भारतवीर गंगवार, सौरभ गंगवार, असजद रजा, मिथलेश कुमारी, श्वेता जायसवाल और प्रियंका सिंह, योगेंद्र यादव समेत सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। बीएसए ने दिया संशोधन का भरोसा : बीएसए डॉ. विनीता ने शिक्षक प्रतिनिधिमंडल की समस्याएं सुनते हुए नगर निगम के माध्यम से ड्यूटी और प्रशिक्षण स्थलों में जरूरी संशोधन कराने का आश्वासन दिया। संगठन ने ज्ञापन देकर विसंगतियां दूर करने की मांग की।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *