राजस्थान/बाड़मेर- पंचायतीराज आम चुनावों के लिए राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के निर्देशानुसार मतदान दलों के गठन के लिए कार्मिकों के डाटाबेस का तृतीय एवं अंतिम रेंडमाइजेशन मंगलवार को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र बाड़मेर में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर चिन्मयी गोपाल ने किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि कुमार, हस्ती मल राठौड़,जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी दिलीप जैन उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी चिन्मयी गोपाल ने बताया कि प्रथम चरण में जिला परिषद बाड़मेर एवं 10 पंचायत समिति के निर्वाचन के लिए 935 मतदान केंद्रों के लिए सक्रिय एवं आरक्षित मतदान दलों के लिए आवश्यक कार्मिकों का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि ईएमएस पोर्टल पर उपलब्ध कार्मिक डाटाबेस में से निर्धारित मापदंडों के अनुसार मतदान दलों के लिए कार्मिकों का चिन्हीकरण किया गया। प्रत्येक मतदान दल में एक पीठासीन अधिकारी तथा चार मतदान अधिकारी नियुक्त किए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 935 सक्रिय मतदान दलों तथा 160 आरक्षित मतदान दलों सहित कुल 1095 मतदान दलों के लिए पीठासीन अधिकारी प्रथम मतदान अधिकारी, द्वितीय मतदान अधिकारी, तृतीय मतदान अधिकारी और चतुर्थ मतदान अधिकारी के रूप में 5475 कार्मिकों का चयन किया गया है। वहीं 10 पंचायत समिति की 419 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच के चुनाव के लिए 419 सक्रिय एवं 87 आरक्षित रिटर्निंग अधिकारी सहित कुल 506 रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी रवींद्र कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहे 14 कार्मिकों को नोटिस जारी किए गए थे, जिसमें से 6 कार्मिकों के विरुद्ध सीसीए नियम 17 के तहत चार्जशीट की कार्यवाही की गई। उन्होंने बताया कि मतदान दल में नियुक्त कार्मिक 21 अक्टूबर, बुधवार को प्रातः 8.30 बजे अपनी उपस्थिति मतदान दल रवानगी स्थल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाड़मेर में देना सुनिश्चित करेंगे और अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के विरुद्ध मौके पर चार्जशीट जारी कर निलंबन की कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान दल में नियुक्त कार्मिक जिन्हें पोस्टल बैलेट जारी किया गया है, वे मतदान दल रवानगी स्थल पर अपने मताधिकार का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें।
— राजस्थान से राजूचारण
