विश्व एनेस्थीसिया दिवस पर ISA की अपील: ऑपरेशन से पहले PAC जरूर कराएं

बिना प्री-एनेस्थीसिया चेकअप के सर्जरी के दौरान बढ़ सकता है जोखिम, विशेषज्ञों ने दी जरूरी सलाह

बरेली। विश्व एनेस्थीसिया दिवस के अवसर पर इंडियन सोसाइटी ऑफ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट्स (ISA), बरेली ने आमजन से अपील की है कि किसी भी ऑपरेशन से पहले एनेस्थीसिया विशेषज्ञ से परामर्श लेकर प्री-एनेस्थीसिया चेकअप (PAC) अवश्य कराएं। विशेषज्ञों के अनुसार, ऑपरेशन से पहले मरीज की स्वास्थ्य संबंधी स्थिति का आकलन सर्जरी के दौरान संभावित जोखिमों की पहचान करने और उपचार को अधिक सुरक्षित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

संस्था के अध्यक्ष डॉ. रतन पाल सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि PAC के दौरान मरीज के चिकित्सा इतिहास, रक्तचाप, मधुमेह, हृदय एवं फेफड़ों की स्थिति और नियमित रूप से ली जा रही दवाओं का आकलन किया जाता है। इससे मरीज की स्थिति के अनुरूप एनेस्थीसिया की योजना बनाने और संभावित जटिलताओं को कम करने में मदद मिलती है।

इस अवसर पर डॉ. आर.के. भास्कर, नेशनल संयोजक; IMA अध्यक्ष डॉ. डी.पी. गंगवार तथा डॉ. देवेंद्र सिंह ने मरीजों को सलाह दी कि वे अपनी सभी बीमारियों, एलर्जी और नियमित दवाओं की पूरी जानकारी डॉक्टर को दें। मधुमेह, उच्च रक्तचाप और अस्थमा जैसी बीमारियों को चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियंत्रित रखें। साथ ही, डॉक्टर की सलाह के बिना किसी भी निर्धारित दवा को बंद न करें।

ISA ने अपने संदेश में कहा, “सुरक्षित सर्जरी की शुरुआत ऑपरेशन से पहले होती है।” संस्था ने लोगों से अपील की कि वे ऑपरेशन से पहले एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की सलाह और PAC को अपनी उपचार प्रक्रिया का आवश्यक हिस्सा बनाएं।प्रेस वार्ता के अवसर पर डॉ. विमल भारद्वाज, डॉ. विवेक मिश्रा, डॉ. नितिन अग्रवाल, डॉ. अंकुर गर्ग सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *