बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे मे चल रही रामलीला के दौरान मंगलवार को भगवान श्रीराम की बारात धूमधाम से निकाली गई। बारात मे एक दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। श्रीराम-लक्ष्मण की झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। जगह-जगह महिलाओं और पुरुषों ने पुष्पवर्षा कर बारात का स्वागत किया। श्रीराम बारात जानकी देवी इंटर कॉलेज से शुरू होकर मुख्य बाजार, लोधी नगर चौराहा और शाही रोड होते हुए रामलीला मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। बारात में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे मार्ग पर उत्साह और भक्तिमय माहौल बना रहा। इस अवसर पर रामलीला कमेटी की ओर से मंच पर एक जरूरतमंद जोड़े का विवाह भी हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराया गया। बरेली के मढिनाथ निवासी राजा सागर के पुत्र सचिन सागर का विवाह फतेहगंज पश्चिमी निवासी प्रमोद सागर की पुत्री साक्षी सागर के साथ कराया गया। पंडित वेदप्रकाश शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की रस्में पूरी कराईं। कमेटी की ओर से नवदंपती को डबल बेड, अलमारी, बर्तन और कूलर सहित घरेलू सामान भेंट किया गया। नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, विधायक डॉ. डीसी वर्मा और जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार ने नवदंपती को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। इस दौरान रामलीला मेला कमेटी के अध्यक्ष ओमेंद्र चौहान, मंत्री संजय सिंह चौहान, महिपाल सिंह, पूर्व चेयरमैन सरजू यादव, जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार, मुदित प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
— बरेली से कपिल यादव
