बरेली/फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी। रेल विभाग ने बगैर पूर्व सूचना के 7 दिनों के लिए बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग संख्या 344सी को पूरी तरह से बंद कर दिया है। 13 से 19 अक्तूबर तक रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने का आदेश जारी होने के बाद लोगों में अफरा तफरी है। रेलवे क्रॉसिंग बंद होने की वजह से फतेहगंज पूर्वी और उसके आसपास ग्रामीण इलाकों के स्कूली बच्चों को डेढ़ किलोमीटर पैदल चलना होगा। वहीं वाहन चालकों को करीब 15 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय कर गौसगंज रेलवे क्रॉसिंग तक जाना पड़ेगा। फतेहगंज पूर्वी में दातागंज सड़क मार्ग पर बिलपुर गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग 344सी है। रेलवे क्रॉसिंग पर इन दिनों ओवर ब्रिज का निर्माण चल रहा था। शाहजहांपुर से फतेहगंज पूर्वी होकर दातागंज होते हुए बदायूं जाने वाले वाहन बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग से होकर निकलते थे। प्रतिदिन करीब 10000 छोटे बड़े वाहनों का आवागमन चल रहा था। मंगलवार को रेल पथ निरीक्षक मोहम्मद जैद राजा ने 13 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक रेलवे क्रॉसिंग बंद किए जाने का आदेश जारी किया। आदेश जारी होने के कुछ घंटे बाद रेलवे क्रॉसिंग पर सड़क यातायात पूरी तरह से बंद कर दिया गया। इस वजह से वाहनों की लंबी कतार लग गई। सड़क मार्ग पर जाम लगने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने तमाम लोगों को वापस लौटाया। रेल पथ निरीक्षक मोहम्मद जैद रजा ने पत्र जारी करते हुए बताया कि रेलवे लाइन की मरम्मत के लिए फतेहगंज पूर्वी दातागंज मार्ग पर स्थित गेट संख्या 344 सी सार्वजनिक यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। इस दौरान रेलवे क्रॉसिंग पर पटरी बदलने का काम किया जाएगा। यहां से रोजाना गुजरने वाले वाहनों को 15 किमी अतिरक्त दूरी तय कर फरीदपुर गौसगंज रेलवे क्राॉसिंग से निकलना होगा। फतेहगंज पूर्वी में बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग पार सरस्वती विद्या मंदिर के अलावा कई इंटर कॉलेज है। इन कॉलेजों में फतेहगंज पूर्वी और उसके आसपास ग्रामीण इलाकों के बच्चे पढ़ रहे हैं। वे वैन या बसों से कॉलेजों को जाते हैं। उन्हें डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल जाना पड़ेगा। कुछ माह पहले रेल विभाग ने कटरा, पितांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग को सड़क यातायात के लिए बंद कर दिया। इसके बाद से शाहजहांपुर से बदायूं की ओर जाने वाहन भी फतेहगंज पूर्वी के बिलपुर और फरीदपुर के गौसगंज रेलवे क्रॉसिंग से होकर निकल रहे थे। बिलपुर रेलवे क्रॉसिंग को बंद से गौसगंज रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रैफिक का लोड बढ़ गया। गौसगंज रेलवे क्रॉसिंग का सड़क मार्ग निर्माणाधीन है। इस वजह से वाहनों को निकालने में और मुश्किल हो रही है।।
— बरेली से कपिल यादव
