राजस्थान/बाड़मेर- अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने जसोल नगर पालिका में विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत संचालित जन सेवा शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से दी जा रही सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने अधिकारियों को शिविर में नियमित रूप से उपस्थित रहने तथा आमजन को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया जाए, ताकि अभियान का लाभ अधिकाधिक लोगों तक पहुंच सके।
जन सेवा शिविर के निरीक्षण के पश्चात अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने जसोल स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में मध्याह्न भोजन योजना के तहत संचालित रसोई का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की प्रक्रिया को देखा। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता की जांच करते हुए रसोई में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्यालय में संचालित शिक्षण कार्य का भी अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाए जाएं, जिससे उनका समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
— राजस्थान से राजूचारण
