बरेली। कंपोजिट विद्यालय जोगीठेर के मैथ ओलंपियाड विजेता छात्रों ने शुक्रवार को भारत सेवा ट्रस्ट पहुंचकर राज्यपाल संतोष गंगवार की पुत्री एवं अर्बन बैंक की अध्यक्ष श्रुति गंगवार को राज्यसभा सांसद बनने पर स्मृति चिन्ह व बुके भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान बच्चों ने उन्हें विद्यालय आने का निमंत्रण भी दिया।
छात्रों ने श्रुति गंगवार को विद्यालय में वितरित कराई गई बैग किट के लिए आभार जताया। बच्चों के साथ मौजूद विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक डॉ. लाल बहादुर गंगवार ने विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें शुभकामनाएं देते हुए पुष्प अर्पित किए और राजनीति की पहली सीढ़ी पर पहुंचने पर हर्ष जताया।
डॉ. गंगवार ने कहा कि श्रुति की बहुमुखी प्रतिभा को देखते हुए केंद्र सरकार निश्चित रूप से उन्हें और जिम्मेदारियां देगी। उनके राज्यसभा सदस्य बनने से पूरे शिक्षक समुदाय में खुशी की लहर दौड़ गई है।
गौरतलब है कि दो वर्ष पूर्व आईआईटी-आईआईएम की छात्रा रहीं श्रुति गंगवार ने अपने निजी धन से सैकड़ों विद्यालयों को बैग किट तथा अन्य सामग्री बड़े स्तर पर बेसिक विद्यालयों में वितरित कराई थी। इस अद्भुत सामाजिक कार्य से शिक्षकों में हर्ष व्याप्त था। अर्बन बैंक की अध्यक्ष श्रुति गंगवार की इस उपलब्धि पर हजारों शिक्षकों को बहुत आशाएं हैं।
