बरेली। स्वच्छ और सुंदर बरेली के निर्माण के लिए नगर निगम की ओर से गुरुवार को मेगा स्वच्छता अभियान चलाया गया। एक दिन, एक घंटा, एक साथ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में एक हजार से अधिक कॉलेज विद्यार्थियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत स्वच्छता ही सेवा अभियान में मेयर डॉ. उमेश गौतम, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य समेत नगर निगम के अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों और नागरिकों के साथ मिलकर सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। अभियान को युवाओं के लिए आकर्षक बनाने के लिए जुम्बा डांस और फिटनेस गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इसमें कॉलेज विद्यार्थियों के साथ अधिकारियों और अन्य लोगों ने भी हिस्सा लिया। संगीत की धुन पर जुम्बा डांस के जरिए स्वास्थ्य और फिटनेस का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मनोरंजन के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को कचरे के सही निस्तारण के बारे में बताया गया। कलाकारों ने चार प्रकार के कचरे को अलग-अलग रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने और शहर को साफ रखने में नागरिकों की भूमिका को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों और नागरिकों को स्वच्छता को अपनी रोजमर्रा की आदत में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान में स्वच्छता का संदेश के साथ मेयर डॉ. उमेश गौतम, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, एक्सईएन राजीव कुमार राठी समेत नगर निगम के अन्य अधिकारियों, एसबीएम आईईसी टीम, छात्र और नागरिकों ने सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाया। सभी ने मिलकर सफाई करते हुए शहर को स्वच्छ बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। अभियान के समापन पर मेयर डॉ. उमेश गौतम ने सभी प्रतिभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।।
बरेली से कपिल यादव
