घर खाली कराने को रंगदारी का आरोप, फायरिंग और मारपीट

बरेली। जनपद के थाना कैंट क्षेत्र के गांव मोहनपुर के वाजिद हुसैन ने अपने ही तीन भाइयों पर मकान खाली कराने के लिए 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने, घर में घुसकर उसे और पत्नी को पीटने और रास्ते में तमंचे से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। 27 अगस्त की घटना में कार्रवाई नहीं होने पर वाजिद ने एसएसपी से शिकायत की। इसके बाद कैंट पुलिस ने प्रधान (प्रशासक) जाकिर हुसैन, उसके भाई आमिर और आसिफ हुसैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मंगलवार रात जाकिर को गिरफ्तार कर बुधवार को कोर्ट में पेश किया। यहां वादी पक्ष की ओर से समझौता नामा दिए जाने के बाद अदालत ने जाकिर को रिहा कर दिया। वाजिद हुसैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता की मृत्यु हो चुकी है। वह पिता के दिए मकान में रह रहा है और अपना कारोबार करता है। आरोप है कि भाई जाकिर, आमिर और आसिफ उस पर मकान खाली करने का दबाव बनाते हैं और आए दिन अभद्रता करते हैं। वाजिद के मुताबिक 27 अगस्त को तीनों ने उसके साथ मारपीट की। घर में घुसकर उसे और उसकी पत्नी को पीटा गया। इसके बाद रास्ते में रोककर तमंचे से फायर किया गया, लेकिन गोली नहीं चली। वाजिद ने घटना के बाद 112 नंबर पर सूचना दी। उसके मुताबिक पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन कार्रवाई नही हुई। चौकी पर भी तहरीर दी गई, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद भी आरोपियों की ओर से मकान खाली करने का दबाव बनाए जाने पर उसने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा : एसएसपी के निर्देश के बाद कैंट पुलिस ने जाकिर हुसैन, आमिर हुसैन और आसिफ हुसैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मंगलवार रात जाकिर को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को मेडिकल के लिए उसे जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस के मुताबिक इस दौरान जाकिर ने हंगामा किया और सीने में दर्द की शिकायत की। मेडिकल जांच में उसे फिट बताया गया। इसके बाद पुलिस उसे कोर्ट लेकर पहुंची। कोर्ट के बाहर भी चलता रहा हंगामा: जाकिर की पेशी की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग भी कोर्ट पहुंच गए। कोर्ट परिसर के बाहर काफी देर तक हंगामा होता रहा। बाद में वादी वाजिद हुसैन की ओर से कोर्ट में समझौता नामा प्रस्तुत कर दिया गया। इसके बाद अदालत ने जाकिर को रिहा कर दिया। पुलिस की ओर से की गई गिरफ्तारी और मुकदमे की कार्रवाई समझौते के बाद आगे नही बढ़ सकी। स्मैक तस्कर का दामाद होने का दावा : वाजिद हुसैन ने जाकिर को फतेहगंज पश्चिमी के स्मैक तस्कर उस्मान का दामाद बताया है। उसका आरोप है कि जाकिर के खिलाफ रंगदारी मांगने, मारपीट, धमकी और तमंचे से फायरिंग समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। अपराधियों के साथ उठना-बैठना होने के कारण वह क्षेत्र में दबंगई दिखाता है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *