डीएसपी की कार ट्रक में घुसी, मौत…

इटावा- यूपी के इटावा में सड़क हादसे में घायल DSP की इलाज के दौरान मौत हो गई। शनिवार को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर उनकी क्रेटा कार बेकाबू होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी थी। दर्दनाक हादसे में DSP नरेंद्र सिंह (55) और उनके गनर (कॉन्स्टेबल) योगेंद्र सिंह गंभीर घायल हो गए थे।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए, बोनट चकनाचूर हो गया और गाड़ी के पुर्जे एक्सप्रेस-वे पर बिखर गए। हादसे के बाद DSP और गनर कार के अंदर ही बुरी तरह फंस गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार के दरवाजे काटकर दोनों को बाहर निकाला।

दोनों घायलों को आनन-फानन में सैफई पीजीआई (PGI) में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार देर रात DSP ने दम तोड़ दिया। हादसा जिला मुख्यालय से 47 किमी दूर ऊसराहार थाना क्षेत्र के कौवा रमपुरा गांव के पास हुआ।

मृतक DSP मूल रूप से नोएडा के रहने वाले थे। 6 महीने पहले ही वे इंस्पेक्टर से प्रमोट होकर DSP बने थे। प्रमोशन के बाद बाराबंकी में उनकी यह पहली तैनाती थी। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और दो बेटियां हैं। वहीं, घायल गनर की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *