बरेली। बारिश ने शहरवासियों की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ा दीं। जिन इलाकों में पहले से जलभराव की समस्या बनी हुई थी,वहां दोबारा बारिश होने से हालात और बिगड़ गए। हालांकि कई इलाकों में जल निकासी नगर निगम ने कर दी है। वहीं आसमान में घने बादल छाते ही जलभराव वाले मोहल्लों के लोग सहम गए। रेजीडेंसी गार्डन, कर्मचारी नगर, सुभाष नगर, हजियापुर समेत कई पॉश और रिहायशी इलाकों में पानी भर गया। सुभाष नगर पुलिया पानी में डूबने से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। गुरुवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। तेज बारिश के चलते निचले इलाकों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक कई सड़कों पर पानी भर गया। देखते ही देखते सड़कें बारिश के पानी से लबालब हो गईं और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के मलूकपुर, बिहारीपुर, जसौली, सुभाष नगर, संजय नगर, दुर्गा नगर, पुराना शहर, जगतपुर और आकाशपुरम समेत कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी। वहीं रेजीडेंसी गार्डन, मॉडल टाउन, राजेंद्रनगर, डीडीपुरम और सिविल लाइंस जैसे पॉश इलाकों की सड़कों पर भी बारिश का पानी जमा हो गया। सुबह अचानक तेज बारिश होने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। कई स्थानों पर सड़क पर पानी भरने के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को विशेष परेशानी हुई। कुछ क्षेत्रों में लोगों को जलभराव के बीच से होकर गुजरना पड़ा। बारिश के साथ शहर में जगह-जगह पेड़ गिरने और भवनों के क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी। बारिश के बाद सुभाष नगर पुलिया पर पानी भर गया। पुलिया के डूबने से राहगीरों को निकलने में दिक्कत हुई। स्थानीय लोगों ने जल निकासी की व्यवस्था जल्द दुरुस्त कराने की मांग की। जलभराव वाले इलाकों के लोगों का कहना है कि बारिश होते ही सड़कें और गलियां पानी में डूब जाती हैं। घर से निकलना मुश्किल हो जाता है और बच्चों, बुजुर्गों व दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। जर्जर भवनों को खाली कराने की तैयारी में नगर निगम : बारिश के बाद नगर निगम का निर्माण विभाग जर्जर भवनों को लेकर सक्रिय हो गया है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने अधिकारियों के साथ बैठक कर ऐसे भवनों को चिह्नित कर उन्हें खाली कराने की कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी, एक्सईएन राजीव कुमार राठी और सहायक अभियंता मुकेश शाक्य मौजूद रहे। वही रेजीडेंसी गार्डन, कर्मचारी नगर, सुभाष नगर और हजियापुर समेत कई इलाकों में बारिश का पानी भर गया। जर्जर भवनों से खतरा और बढ़ गया है। ऐसे भवनों के आसपास रहने वाले लोगों में हादसे की आशंका बनी हुई है। नगर निगम ऐसे भवनों को चिन्हित कर उन्हें खाली कराने की तैयारी तेज कर दी। अवर अभियंता अनुराग कमल अपनी टीम के साथ जसौली शिव मंदिर की दीवार गिरने की सूचना पर पहुंचे।।
बरेली से कपिल यादव
