प्रेमी को फंसाने के लिए खुद को भेजे धमकी भरे मैसेज, इंस्टाग्राम से खुली पोल, युवती पर मुकदमा दर्ज

सीबीगंज, बरेली। जनपद के थाना सीबीगंज क्षेत्र मे एक युवती पर अपने पूर्व प्रेमी को फंसाने की साजिश रचने का आरोप लगा है। युवती ने कथित तौर पर अपने पूर्व प्रेमी की इंस्टाग्राम आईडी से खुद को धमकी भरे संदेश भेजे और उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। युवक की शिकायत पर पुलिस ने अब युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीबीगंज की लेबर कॉलोनी निवासी अमन घिल्डियाल ने एसएसपी को शिकायत दी। अमन ने बताया कि उसे जानकारी मिली थी कि उसकी इंस्टाग्राम आईडी से युवती और उसकी बहन को धमकी भरे संदेश भेजे गए है। अमन ने अपनी आईडी जांच की तो पाया कि उससे जुड़ा ईमेल बदल दिया गया था। अकाउंट रिकवर करने का वन टाइम पासवर्ड भी उसी बदले हुए ईमेल पर जा रहा था। इंस्टाग्राम गतिविधि खंगालने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि उसकी आईडी को पहले ही लॉगिन किया गया था। जांच मे सामने आया कि अमन की इंस्टाग्राम से जुड़े जीमेल अकाउंट और युवती के नाम का एक अन्य जीमेल अकाउंट आपस मे जुड़े है। अमन ने बताया कि वह और युवती पहले आपसी सहमति से संबंध मे थे। इस दौरान युवती के पास उसके इंस्टाग्राम आईडी का एक्सेस था। अमन का आरोप है कि युवती ने उसे फंसाने के लिए खुद ही उसकी आईडी से संदेश भेजकर स्क्रीन की तस्वीरें तैयार की है। उसने भविष्य में भी ऐसी साजिश की आशंका जताई है। अमन ने कहा कि सामने आई तस्वीरें या तो एडिटेड हैं या एआई से बनाई गई हैं। चूंकि उसकी इंस्टाग्राम आईडी से जुड़ा जीमेल अब युवती का है इसलिए अमन अपनी आईडी की जानकारी बदलने मे असमर्थ है। अमन घिल्डियाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से जांच की गुहार लगाई है। उसने साइबर सेल के माध्यम से आईपी पता, आईएमईआई संख्या और पोर्ट संख्या की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। अमन का कहना है कि यह जांच उसे इस साजिश से बचा सकती है। बता दें कि बीते 14 मई को युवती के पिता ने अमन पर छेड़खानी का आरोप भी लगाया था। सीओ टू नितिन कुमार ने बताया कि युवक की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *