बरेली। इसे इंद्र कृपा कहें या कोप, दो दिन में देश के अंदर सबसे ज्यादा बारिश का रिकॉर्ड बरेली और पड़ोसी जिला शाहजहांपुर के नाम जुड़ गया है। यहां मेघ कुछ ऐसे बरसे हैं कि पिछले सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर डाले हैं। बरेली में 24 घंटे के अंदर प्रदेश में भर की सर्वाधिक 381 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस तरह की बारिश 118 साल के इतिहास में शहर के अंदर कभी नहीं देखी गई। मौसम विभाग के आंकड़ें यही बता रहे हैं। बरेली वेधशाला के अलावा जिले के दूसरे स्टेशनों पर भी मौसम विभाग ने भारी बारिश दर्ज की है। शाहजहांपुर वेधशाला में 227 मिमी सर्वाधिक बारिश दर्ज की गई। बरेली में 1908 से अब तक दर्ज आंकड़ों में 24 घंटे के अंदर 17 सितंबर 2005 को 267 मिमी बारिश सर्वाधिक थी। अबकी बारिश ने इस आंकड़े को भी पीछे छोड़ दिया। रविवार सुबह 8:30 से सोमवार सुबह 8:30 तक मौसम विभाग ने कुल 381.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की है। सबसे ज्यादा बारिश वाले टॉप-10 दिनों में 4 अक्टूबर 2001 को 242.0 मिमी, 2 सितंबर 1971 को 227.4 मिमी, 30 अगस्त 1961 की 224 मिमी, 20 जुलाई 1908 की 218.4 मिमी, 11 अगस्त 2002 की 211.8 मिमी, 21 सितंबर 2008 की 206.2 मिमी, 25 अगस्त 2018 की 205.9 मिमी वर्षा के आंकड़े इसमें शामिल बताए गए है। वही सोमवार सुबह भी आसमान बादलों से घिरा रहा, बाद में रुक-रुककर बारिश होती रही। लगातार बारिश की वजह से जनजीवन अस्त व्यस्त नजर आया। दूसरी तरफ तापमान में भी राहत महसूस की गई। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक खिसक गया। मौसम विभाग ने दिन में 100 प्रतिशत व शाम को 97 प्रतिशत आदता दर्ज की। मौसम विभाग ने मंगलवार को सामान्य वर्षा और बुधवार तक आसमान साफ होने का अनुमान जताया है।।
बरेली से कपिल यादव
