क्योलड़िया, बरेली। मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने सोमवार को भदपुरा ब्लॉक की मधुनगला और नरहरपुर गौरी खेड़ा गोशालाओं का निरीक्षण किया। मधुनगला की गोशाला में जलभराव देखकर उन्होंने नाराजगी जताते हुए जलनिकासी और पांच सीसी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। वहां 409 गोवंश मिले। पशुओं को पर्याप्त हरा चारा व चोकर देने के निर्देश दिए। केयरटेकर ने सीडीओ को बताया कि पशु चिकित्सा अधिकारी सप्ताह में एक दिन आते हैं। इसके बाद उन्होंने नरहरपुर गौरी खेड़ा गोशाला का निरीक्षण किया। यहां 174 गोवंश मिले, जिनमें 10 बीमार थे। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी महेश चंद्र शाक्य, एडीओ पंचायत हरीश भारती, सचिव सुरेंद्र कुमार वर्मा आदि मौजूद रहे। सीडीओ देवयानी ने बताया कि मधुनगला के पशु चिकित्सा अधिकारी की फटकार लगाते हुए रोजाना गोशाला आने के निर्देश दिए हैं। नरहरपुर गौरी खेड़ा में डॉ. धर्मेंद्र कुमार के रोज न आने पर नाराजगी जताते हुए नियमित जांच और दवाई देने के निर्देश दिए। इस गोशाला में दो सीसी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए हैं।।
बरेली से कपिल यादव
