देवरनियां, रिछा, बरेली। राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अवसर पर संघटक राजकीय महाविद्यालय रिछा के गृह विज्ञान विभाग के तत्वावधान में ग्राम मिनतरपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर पोषण जागरूकता एवं मोटा अनाज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम गृह विज्ञान विभाग की अध्यक्ष डॉ. समरीन फातमा के निर्देशन में हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं ग्रामीणों को संतुलित आहार तथा मोटे अनाज के पोषणीय एवं स्वास्थ्यवर्धक महत्व के प्रति जागरूक करना रहा। मुख्य वक्ता डॉ. प्रगति सक्सेना, सहायक प्राध्यापक, गृह विज्ञान विभाग, संघटक राजकीय महाविद्यालय भदपुरा, नवाबगंज ने बाजरा, ज्वार एवं रागी जैसे मोटे अनाजों के लाभ बताए। उन्होंने दैनिक आहार में पौष्टिक एवं विविध खाद्य पदार्थ शामिल करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्र की किशोरियों को मोटे अनाज के पैकेट वितरित किए गए। साथ ही एमए गृह विज्ञान में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. केके तिवारी, डॉ. आनंद प्रकाश, शिक्षकगण, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां एवं छात्राएं उपस्थित रही। समापन पर “हर घर श्री अन्न, हर परिवार स्वस्थ” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।।
बरेली से कपिल यादव
