बैंककर्मी की मदद से 3.59 करोड़ का होम लोन फर्जीवाड़ा

बरेली। एचडीएफसी बैंक में 3.59 करोड़ रुपये का होम लोन फर्जीवाड़ा सामने आया है। मामले में कोतवाली में ऋण खाता धारक, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सत्यापन एजेंसी व उसके कर्मचारियों समेत 21 के खिलाफ बैंक की ओर से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। यह रिपोर्ट एचडीएफसी बैंक, लखनऊ के अधिकृत अधिकारी की ओर से कोतवाली में दर्ज कराई गई है। आरोप है कि बैंक की सिविल लाइंस ब्रांच स्थित होम लोन शाखा से जनवरी 2022 से मार्च 2023 के बीच एक संगठित गिरोह के 12 व्यक्तियों को बैंककर्मियों की मदद से 3.59 करोड़ रुपये के सामूहिक होमलोन स्वीकृत किए गए थे। जब लोन लेने वाले व्यक्तियों ने समय पर किश्त जमा नहीं की तो बैंक की ओर से जांच कराई गई। इसमें ऋणधारकों के पते और दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा पाया गया, कोई भी व्यक्ति बैंक को दिए गए पते पर रहते हुए नहीं पाया गया। इस पर उन्होंने एसएसपी अनुराग आर्य से शिकायत कर इस मामले में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उनका कहना है कि लोन फर्जीवाड़ा में बैंक के सेल्स एग्जीक्यूटिव के साथ ही सत्यापन करने वाली एजेंसी और उसके कर्मचारी भी शामिल है। ऋणधारक रामगंगानगर कॉलोनी की एमन जैदी, करमपुर चौधरी के अजय कुमार, गायत्रीनगर के अमित कुमार, आशीष, प्रवेश कुमारी व सुमित कुमार, त्रिशूल व्यू एयर फोर्स स्टेशन की करिश्मा, परसाखेड़ा की लक्ष्मी देवी, बिलवा की प्रीति, सरोज व रेखा और न्यू मॉडल रेलवे कॉलोनी के संजय कुमार, एचडीएफसी बैंक होम लोन शाखा, सिविल लाइंस के सेल्स एग्जीक्यूटिव चेतन कुमार को नामजद किया है। सत्यापन एजेंसियों में आईपी सिंह एंड एसोसिएट व इसके कर्मचारी आईपी सिंह, एस्ट्यूट कंपनी व इसके कर्मचारी रफीक अहीम, सूरजपाल, सोहेल राम और संजय भार्गव कंपनी व इसके सत्यापन कर्मचारी दीपक कुमार को भी इसमें शामिल किया गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *