बहेड़ी, बरेली। शरारती तत्वों ने भिलईया गांव मे भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा खंडित कर दी। वहां से सोलर पैनल, फ्रीजर तोड़कर पैनल की बैट्री चोरी कर ले गए। घटना के बाद बसपा से जुड़े लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने प्रधान की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को उठाया है। घटना सोमवार रात की बताई जा रही है। मंगलवार की सुबह जब ग्रामीणों ने देखा कि आंबेडकर पार्क में लगी भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का चश्मा और दाहिना हाथ खंडित था। पार्क में चहारदीवारी नही है। यहां लगे सोलर और फ्रीजर तोड़कर सोलर की बैट्रिया भी चुरा ले गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। एसडीएम गोपाल शर्मा, सीओ अरुण कुमार और प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद बसपा से जुड़े रामदास कश्यप, मौर्य, मास्टर केहरी सिंह तथा नेता गंगा राम मौर्य आदि पहुंच गए। उन्होंने मूर्ति खंडित करने वालों का पता लगाकर कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों का कहना है कि इसकी जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। इस मामले में ग्राम प्रधान देवदत्त ने अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रधान ने बताया कि यहां इससे पहले भी आंबेडकर की मूर्ति खंडित की जा चुकी है। उन्होंने मूर्ति पुनः स्थापित कराए जाने की मांग की है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।।
बरेली से कपिल यादव
