छह महीने से बंद है सतुइया खास का नलकूप, किसान परेशान

बरेली/फतेहगंज पश्चिमी। ब्लॉक क्षेत्र के सतुइया खास गांव में सरकारी नलकूप संख्या-92 पिछले छह महीने से बंद है। तकनीकी खराबी न होने के बावजूद विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण इसका संचालन नहीं हो पा रहा है। इससे क्षेत्र के सैकड़ों किसानों को सिंचाई में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नलकूप बंद होने के कारण उन्हें खेतों की सिंचाई के लिए महंगे निजी संसाधनों का उपयोग करना पड़ रहा है। इससे कृषि लागत में वृद्धि हुई है और खरीफ की फसलें प्रभावित हो रही हैं। किसानों ने कई बार संबंधित विभागों से शिकायत की है, लेकिन अभी तक इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता उमेश चंद्र ने बताया कि नलकूप से एलटी लाइन की दूरी 600 मीटर से अधिक है। ट्रांसफार्मर दूर होने के कारण विद्युत लाइन सुचारु रूप से कार्य नही कर पाती। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था मे सुधार होने के बाद ही नलकूप का नियमित संचालन संभव हो पाएगा। नलकूप ऑपरेटर सुशील कुमार का दावा है कि एलटी लाइन नलकूप से केवल 100 मीटर दूर है। उनके अनुसार यदि उसी लाइन से कनेक्शन जोड़ दिया जाए तो समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है। इस विषय मे विद्युत विभाग के जेई संतोष को कई बार सूचित किया जा चुका है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *