बहेड़ी, बरेली। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने समरसता संकल्प अभियान के तहत नगर में कलश वंदन यात्रा निकाली। यात्रा का शुभारंभ मोहल्ला जाजूनागर स्थित शिव मंदिर से विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती के बाद हुआ। यह शोभायात्रा मोहल्ला सिंह गोटिया स्थित अंबेडकर भवन पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने संत रविदास महाराज के आदर्शों को अपनाने और समाज में भाईचारा व सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके बाद यात्रा बाईपास रोड से होते हुए लोधीपुर पहुंची। यात्रा के दौरान संत रविदास महाराज के विचारों और सामाजिक समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष के पति अजय जायसवाल बॉबी, विधानसभा संयोजक सुरेश गंगवार, जिला पंचायत सदस्य आसेराम गंगवार, ब्लॉक प्रमुख अमरेंद्र सिंह गोल्डी, नगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता, सभासद ओमप्रकाश गंगवार, गौरव जायसवाल, सोनी जायसवाल, गौरव पाल, अवधेश सक्सेना, सुशील कश्यप, पूर्व सभासद कन्हैया लाल आदि मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
