बरेली। 108वें उर्स-ए-आला हजरत को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां पूरी हो चुकी है। उर्स 6, 7 और 8 अगस्त को आयोजित होगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पूरे क्षेत्र को 4 सुपर जोन, 8 जोन और 29 सेक्टर में बांटा गया है। इन सभी स्थानों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बुधवार को जीआईसी ऑडिटोरियम में डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य ने ड्यूटी में लगाए गए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ब्रीफिंग की। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि उर्स के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं। डीएम ने उर्स क्षेत्र में जरूरत के अनुसार 108 एंबुलेंस, चिकित्सा कैंप और बिजली विभाग के कैंप लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरेली की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द के माहौल में उर्स संपन्न कराया जाए। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि इस बार उर्स श्रावण मास मे पड़ रहा है। ऐसे में पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। पिछले वर्ष जिन अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की जहां ड्यूटी थी। कोशिश की गई है कि उन्हें उसी स्थान पर दोबारा तैनात किया जाए। उन्होंने कहा कि 13 घंटे की ड्यूटी मे शिफ्ट बदलने के दौरान किसी भी तरह का गैप नही होना चाहिए। पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी स्थल के आसपास मिश्रित आबादी वाले इलाकों और धार्मिक स्थलों को पहले से चिन्हित कर वहां सुरक्षा करेंगे। स्काई वॉक पर किसी को भी चढ़ने की अनुमति नही होगी। वही पुलिस अधीक्षक यातायात ने अधिकारियों को रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी दी। उर्स के दौरान बसों का संचालन सैटेलाइट बस स्टैंड से किया जाएगा। उर्स के प्रमुख आयोजन इस्लामिया ग्राउंड, आला हजरत दरगाह और मथुरापुर मे होंगे। मिनी बाईपास के झुमका तिराहे तक किसी भी प्रकार की पार्किंग नहीं होने दी जाएगी। वहीं कुतुबखाना क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। यहां ई-रिक्शा के कारण जाम लगने की आशंका को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक नगर ने जोनवार ड्यूटी की जानकारी देते हुए अधिकारियों को समय से अपने निर्धारित स्थान पर पहुंचने और पूरी संवेदनशीलता के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, एडीएम प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा, एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा, एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान, संयुक्त मजिस्ट्रेट व एसडीएम सदर इशिता किशोर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
